शिवहर , सितंबर 23 -- बिहार के शिवहर जिले में अपराध की योजना बना रहे एक अपराधी को पुलिस की विशेष जांच दल (एसआईटी) ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार को सूचना मिली थी कि तरियानी और तरियानी छपड़ा थाना क्षेत्र में कुछ अपराधी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर संभावित ठिकाने पर छापेमारी कर आदित्य कुमार,निवासी पचनौर, थाना बेलसंड, जिला सीतामढ़ी को गिरफ्तार कर लिया।
उसके पास से अवैध पिस्टल, दो मैगजीन, सात जिंदा कारतूस, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया गया। वहीं, उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने उसकी पहचान कर ली है और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
सूत्रों ने बताया कि इस संबंध में तरियानी छपड़ा थाना कांड संख्या 64/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित