गोपालगंज , नवंबर 10 -- बिहार में गोपालगंज जिले के विजयीपुर थाना क्षेत्र के घाट बंन्धौरा गांव के समीप मंगलवार की शाम अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि घायल युवक की पहचान भोरे थाना क्षेत्र के लक्षीचक गांव निवासी रविन्द्र कुशवाहा के पुत्र सौरभ कुशवाहा उर्फ गोलू कुशवाहा के रूप में की गयी है। वह अपने मामा अवधेश कुशवाहा के घर घाट बंन्धौरा में रहता था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम सौरभ गांव के पूर्वी हिस्से में टहल रहा था। इसी दौरान चार युवक वहां पहुंचे और उसे गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सभी हमलावर बाइक से फरार हो चुके थे।घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को विजयीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही विजयीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। युवक को गोली मारने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित