चंडीगढ़ , अगस्त 9 -- हरियाणा के सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने राज्य में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रदेश सरकार पर कानून-व्यवस्था संभालने में विफल रहने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि हत्या, लूट, फिरौती और गोलीबारी की लगातार हो रही घटनाओं से प्रदेश में भय का माहौल है और अपराधियों के मन से कानून का डर खत्म होता जा रहा है।
सुश्री सैलजा ने कहा कि फतेहाबाद और पानीपत समेत प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गंभीर आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं। कुछ दिन पहले रोहतक में पुलिस थाने के सामने कांग्रेस विधायक बलराम दांगी के कार्यालय पर बाइक सवार बदमाशों द्वारा कथित गोलीबारी की घटना बेहद गंभीर है। जब जनप्रतिनिधि और कारोबारी सुरक्षित नहीं हैं तो आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता होना स्वाभाविक है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा विकास, भाईचारे, किसानों, जवानों और खिलाड़ियों के लिए जाना जाता है, लेकिन लगातार बढ़ता अपराध प्रदेश की छवि को नुकसान पहुंचा रहा है। अपराधियों और संगठित गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होने से उनके हौसले बढ़ रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित