कोटा , अक्टूबर 20 -- राजस्थान में शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने मतदाताओं को अपने मत की कीमत पहचानने की जरूरत बताते हुए कहा है कि उनके मत ने श्री नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाया और इस मत की ताकत ने पांच सौ वर्षों से अटके पड़े अयोध्या में प्रभु श्रीराम के मंदिर का भव्य निर्माण करा दिया।

श्री दिलावर मंगलवार को कोटा जिले की पंचायत समिति खैराबाद के चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रधान चुनाव कार्यालय का सातल खेड़ी में उद्घाटन करने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लोगों को अपने वोट की कीमत पहचानी चाहिए, क्योंकि वर्षों तक कांग्रेस को वोट देते रहे लेकिन कुछ नहीं हुआ, जैसे ही लोगों ने अपना वोट देकर श्री मोदी को प्रधानमंत्री बनाया, तो वोट की ताकत देखो, वोट ने अयोध्या में प्रभु श्री राम के मंदिर का भव्य निर्माण करा दिया।

उन्होंने कहा कि जब वह यहां चुनाव लड़ने पहली बार आये तब सुकेत से रामगंज मंडी की इस सड़क पर चलना मुश्किल था। रामगंज मंडी पहुंचने में घंटे लगते थे। उनके वोट से प्रदेश में भी भाजपा की सरकार बनी और अब देखो सुकेत से गाड़ी 10 मिनट में रामगंजमंडी पहुंच जाती है। यह चमत्कार किया है, उनके एक वोट ने। उन्होंने कहा कि देश में और फिर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी और अब गांव की सरकार बनाने की बारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित