चंडीगढ़/नयी दिल्ली , अक्टूबर 19 -- आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गिरोह द्वारा लिए जाने की खबरों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि अपने शासन वाले राज्यों में कानून-व्यवस्था संभालने में नाकाम भाजपा पंजाब आकर लोगों को नसीहत दे रही है।
श्री केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा ने देश के एक बड़े गैंगस्टर को दामाद की तरह रखा है और उसे भारत ही नहीं, दुनिया के अन्य हिस्सों में भी अपराध करने के लिए सुविधाएं मुहैया कराई हैं। उन्होंने कहा कि मंगलवार को भाजपा नेता पंजाब आकर कानून-व्यवस्था पर बात करेंगे, लेकिन राज्य के लोग जानते हैं कि भाजपा को वोट देना यहां गैंगस्टरों को आमंत्रित करने जैसा होगा।
आप के वरिष्ठ नेता एवं पार्टी के पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर आरोप लगाया कि भाजपा ने गुजरात की जेलों को कुख्यात गैंगस्टरों के लिए सुरक्षित ठिकाना बना दिया है, जिसकी कीमत पूरा देश चुका रहा है। उन्होंने गुजरात के बंदरगाहों के जरिए पाकिस्तान से आने वाले नशीले पदार्थों की तस्करी का आरोप लगाते हुए कहा कि पंजाब, दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश इसके प्रभाव झेल रहे हैं।
श्री सिसोदिया ने केंद्र सरकार की साइबर नीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि जब सरकार के साइबर विशेषज्ञ इंटरनेट पर युवाओं की गतिविधियों पर कार्रवाई करने में व्यस्त हैं, तो कथित तौर पर धमकियां देने वाले गैंगस्टरों के सोशल मीडिया पेज सक्रिय कैसे हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या सरकार देश की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी पर्याप्त कदम उठा रही है। आप के वरिष्ठ नेता एवं विधायक कुलदीप कुमार ने भी टाइगर श्रॉफ से जुड़े मामले को लेकर भाजपा पर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के खिलाफ बोलने वाले विपक्षी नेताओं के यहां प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) पहुंच जाती हैं, जबकि गैंगस्टरों को संरक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार पर देश को बंधक बनाने जैसा रवैया अपनाने का आरोप लगाया।
आप के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने भी आरोप लगाया कि भाजपा गैंगस्टरों को संरक्षण दे रही है और गुजरात में उन्हें सुरक्षित रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में मशहूर हस्तियों पर हमलों के मामलों में भी कार्रवाई को लेकर सवाल उठते हैं।
आप नेताओं ने केंद्र सरकार और भाजपा से गैंगस्टर नेटवर्क, धमकियों तथा नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई पर जवाब मांगा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित