मऊ , मार्च 05 -- उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि पिछले दस वर्षों में देश अपनी सांस्कृतिक और सामाजिक धरोहरों को सहेजने की दिशा में आगे बढ़ता दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि इस दौरान धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में लोगों की भागीदारी उल्लेखनीय रूप से बढ़ी है और शासन-प्रशासन ने भी ऐसा वातावरण बनाया है जिससे लोग इन गतिविधियों में सहजता के साथ जुड़ रहे हैं। श्री शर्मा ने अपने पैतृक गांव में ग्रामीणों के साथ होली खेली। वह दो मार्च से अपने पैतृक गांव और नगर में रहकर लगातार लोगों के बीच होली मिलन कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं। बुधवार को होली के दिन उन्होंने ढोलक, झाल और मंजीरों की थाप पर होली गीतों के साथ ग्रामीणों के साथ रंग-गुलाल खेला और घर-घर जाकर लोगों को होली की शुभकामनाएं दीं।
देर शाम आयोजित होली चौपाल में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देश में ऐसा माहौल बना है कि लोग अपनी सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक परंपराओं में बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। उनके अनुसार पिछले 10-12 वर्षों का दौर देश की पुरातन सभ्यता, संस्कृति, संस्कार, रीति-रिवाज और परंपराओं को सहेजने वाला रहा है।
उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा भी था जब सनातन धर्म और भारतीय परंपराओं पर सवाल उठाए जाते थे तथा रामायण और महाभारत जैसे महाग्रंथों को काल्पनिक बताया जाता था, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि आज अयोध्या में भगवान श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, काशी में विश्वनाथ कॉरिडोर सहित देश के विभिन्न मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित