भोपाल , जनवरी 15 -- मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि सशस्त्र सीमा बल अकादमी भोपाल में दिया जाने वाला प्रशिक्षण अधिकारियों को केवल प्रशासनिक दायित्वों के लिए नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार, संवेदनशील और सजग राष्ट्र-प्रहरी के रूप में तैयार करने का समन्वित प्रयास है। प्रशिक्षण व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और यह प्रशिक्षुओं को देश की विविध संस्कृतियों, विशेषताओं और परंपराओं को समझने का अवसर देता है, जिससे विविधता में एकता की भावना सशक्त होती है।

राज्यपाल श्री पटेल गुरुवार को लोकभवन में सशस्त्र सीमा बल अकादमी भोपाल के प्रशिक्षु सहायक कमांडेंट्स से सौजन्य भेंट कार्यक्रम के दौरान संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सभी प्रशिक्षणार्थियों को प्रतिष्ठित बल में चयन पर बधाई देते हुए कहा कि वे अपने राज्य की सांस्कृतिक अनुभूतियों और प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त निर्देशों का देशहित में उपयोग कर "एक भारत-श्रेष्ठ भारत" के निर्माण में योगदान दें।

राज्यपाल ने कहा कि आप सभी सौभाग्यशाली हैं जिन्हें माँ भारती की सेवा का अवसर मिला है। आपकी वर्दी केवल पहचान नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के सम्मान का प्रतीक है। जब आप परिवार से दूर सीमाओं पर तैनात होकर देश की रक्षा करते हैं, तभी देशवासी चैन और शांति की नींद सो पाते हैं। उन्होंने ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ कर्तव्यों के निर्वहन पर विशेष बल दिया।

राज्यपाल श्री पटेल ने वर्तमान समय की चुनौतियों जैसे आंतरिक सुरक्षा, सीमा प्रबंधन, नक्सलवाद, तस्करी, साइबर अपराध और असामाजिक गतिविधियों का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्र-प्रहरी के रूप में अधिकारियों के निर्णय और कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने आधुनिक तकनीक, व्यावसायिक ज्ञान तथा शारीरिक और मानसिक सक्रियता के नए मानक स्थापित करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर सशस्त्र सीमा बल अकादमी भोपाल के निदेशक बी.एस. जायसवाल ने राज्यपाल का पौधा भेंट कर स्वागत किया एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किया। श्री जायसवाल ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षु अधिकारियों सुश्री अनुष्का मनियारा और अनुराग भार्गव ने अपने प्रशिक्षण अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी, अपर सचिव उमाशंकर भार्गव सहित लोकभवन एवं एसएसबी के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित