मुंबई , सितंबर 05 -- रिलायंस समूह की कंपनी जियो अगले एक दशक में कनेक्टिविटी के साथ प्रौद्योगिकी पर फोकस करते हुए वैश्विक बाजार में खुद को स्थापित करने का प्रयास करेगी।

रिलांयस जियो के 10 साल पूरे होने के मौके पर कर्मचारियों को लिखे एक पत्र में कंपनी के चेयरमैन आकाश अंबानी ने कहा कि जियो अब दूरसंचार कंपनी मात्र नहीं है। कंपनी कनेक्टिविटी के साथ डिजिटल उत्पाद, उद्यम समाधान और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के क्षेत्र में अपनी प्रौद्योगिकी विकसित कर रही है। अगला लक्ष्य इन प्रौद्योगिकियों को बड़े पैमाने पर भारतीयों तक पहुंचाने के साथ दुनिया के दूसरे बाजारों में भी ले जाना है।

एआई को आने वाले दौर की बड़ी ताकत बताते हुए उन्होंने कहा कि यह लोगों और कारोबार के काम करने, नयी चीजें बनाने और समस्याओं को हल करने का तरीका बदल देगा। जियो इसी बदलाव के लिए अपना प्रौद्योगिकी और डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार कर रही है।

उल्लेखनीय है कि रिलायंस जियो जल्द ही शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने वाली है। इसका प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) इस साल के अंत तक आने की उम्मीद है।

पत्र में श्री अंबानी ने जियो की दस साल की यात्रा का श्रेय कर्मचारियों को भी दिया। उन्होंने कहा कि जियो की कहानी सिर्फ आंकड़ों की नहीं, बल्कि उन लोगों की है जिन्होंने चुनौतियां स्वीकार कीं और ग्राहक को केंद्र में रखकर काम किया। उन्होंने कहा कि पहले दशक में गर्व करने के लिए बहुत कुछ है, लेकिन अभी बहुत कुछ हासिल करना बाकी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित