मुंबई , अगस्त 11 -- महाराष्ट्र सरकार ने मंगलवार को अन्नासाहेब पाटिल आर्थिक पिछड़ा विकास महामंडल के प्रबंध निदेशक (एमडी) विजय सिंह देशमुख का तबादला करते हुए अविनाश रणखांब को कार्यभार सौंपा है।
महामंडल के अध्यक्ष नरेंद्र पाटिल और श्री देशमुख के बीच पिछले कई महीनों से चल रहे प्रशासनिक विवाद और मतभेदों के बाद यह कार्रवाई की गयी है। सरकार ने प्रशासनिक निर्णय लेते हुए देशमुख की जगह श्री रणखांब को महामंडल का नया प्रबंध निदेशक नियुक्त किया है।
यह तबादला श्री पाटिल के लगाये गंभीर आरोपों के प्रकाश में आने के बाद हुआ है। श्री पाटिल ने श्री देशमुख पर महामंडल के कामकाज को बाधित करने, सुस्त रफ्तार से काम करने और ऑनलाइन पोर्टल को बंद रखने के आरोप लगाये थे। उन्होंने दावा किया था कि एमडी के इस रवैये से मराठा समुदाय के युवा उद्यमियों का भविष्य और कामकाज प्रतिकूल रूप से प्रभावित हो रहा है। श्री पाटिल ने देशमुख पर मराठा विरोधी मानसिकता रखने का भी आरोप लगाया था, जिससे मराठा उद्यमियों में भारी असंतोष व्याप्त था।
श्री पाटिल ने हाल ही में राज्य के पांच जिलों का दौरा किया था और महामंडल से जुड़ी शिकायतों, विशेष रूप से कई युवा लाभार्थियों को स्वीकृत किये गये ऋण के अचानक रद्द होने के मुद्दों को लेकर एक रिपोर्ट तैयार की थी। युवा उद्यमियों से मिली शिकायतों के बाद श्री पाटिल ने पहले राजस्व मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल से मुलाकात की और फिर मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस को विस्तृत रिपोर्ट सौंपकर एमडी के खिलाफ कार्रवाई और तबादले की मांग की थी। मुख्यमंत्री द्वारा इस मांग पर संज्ञान लिए जाने के बाद यह प्रशासनिक बदलाव किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित