चेन्नई , फरवरी 24 -- तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर तोहफों की बारिश हो रही है। इस सिलसिले में अन्नाद्रमुक ने अपने घोषणापत्र में कई मुफ्त तोहफों की झड़ी लगा दी है। पार्टी ने महंगाई से निपटने के लिए हर परिवार को हर महीने 10,000 रुपये देने, मछुआरों को बतौर मदद 8,000 रुपये से बढ़ाकर 1,2000 रुपये करने, पोंगल पैकेज के तहत सभी राशनकार्ड धारकों को 1,000 रुपये देने जैसे वादे किये हैं।

अन्नाद्रमुक ने अपनी नेता जे जयललिता की 78वीं जयंती के मौके पर पार्टी कार्यालय में उन्हें श्रद्धांजलि देने के बाद चुनावी वादों का तीसरा भाग जारी किया। पार्टी के महासचिव और विपक्ष के नेता एडप्पादी के पलानीस्वामी ने ऐलान किया कि अगर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेतृत्व वाली अन्नाद्रमुक सत्ता में आती है तो और भी चीजें मुफ्त दी जाएंगी।

अन्य वादों में बेरोजगार स्नातकों को हर महीने 2,000 रुपये और बारहवीं तक पढ़े और रोजगार कार्यालय में पंजीकृत लोगों को हर महीने 1,000 रुपये दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त हथकरघा बुनकरों को मुफ्त बिजली 300 यूनिट से बढ़ाकर 450 यूनिट और पावरलूम बुनकरों को 1,000 यूनिट से बढ़ाकर 1,400 यूनिट और शहरों में फुटपाथ पर दुकानें लगाने वालों का कर्ज माफ करना शामिल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित