अजमेर , नवम्बर 09 -- राजस्थान में अजमेर के नजदीकी तीर्थराज पुष्कर में दो चरणों वाले अन्तरराष्ट्रीय पुष्कर मेला-2026 का आगाज 10 नवम्बर से हो जायेगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुष्कर मेले की अनौपचारिक शुरुआत 'श्रीपुष्कर पशु मेला' के लिए पशुपालन विभाग की ओर से पशुमेला कार्यालय और चौकियों की स्थापना के साथ हो जायेगी। पुष्कर के रेतीले धोरों और नये पशु मेला मैदान पर पशु वंश के आगमन से चहल पहल और रौनक बढ़ गई है। अब पशुवंश की खरीद फरोख्त और रवन्ना का दौर शुरू होगा।
आयोजकों के अनुसार पुष्कर मेले के दूसरे चरण में मेला मैदान पर विभिन्न प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पवित्र पुष्कर सरोवर के सभी 52 घाटों पर नियमित "महाआरती" के धार्मिक आयोजन होंगे। इसके लिए मेला मैदान पर 17 नवम्बर को ध्वजारोहण होगा और इसी दिन से प्रशासनिक शिविर शुरू हो जायेंगे।
पुष्कर मेले में देशी-विदेशी छटा का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। ग्रामीण लोक संस्कृति की रंग बिरंगी छंटा मेला का विशेष आकर्षण रहेगी।
प्रशासनिक स्तर पर मेला 26 नवम्बर को विधिवत सम्पन्न हो जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित