शहडोल , अक्टूबर 03 -- मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले की पुलिस चौकी सरई के अमोदा गांव में शनिवार सुबह एक युवक ने अपने नाना के घर पर डंडे से हमला कर अपनी मां, नाना, नानी और ममेरी बहन की हत्या कर दी तथा चार लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रेम सिंह (32) ने सुबह करीब नौ बजे घटना को अंजाम दिया। मृतकों में उसकी मां अनुपिया बाई (52), नाना सम्पत सिंह गोंड (75), नानी भन्नी बाई (72) और ममेरी बहन मोनिका (05) शामिल हैं।
बताया गया है कि प्रेम सिंह को उसकी मां इलाज के लिए उमरिया जिले स्थित अपने घर से उसके नाना के पास लेकर आई थी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित