श्रीगंगानगर , सितम्बर 21 -- राजस्थान में श्री गंगानगर जिले के अनूपगढ़ नगर पालिकाध्यक्ष के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार निखिला छाबड़ा ने बाजी पूरी तरह पलटते हुए कांग्रेस की सुमन चुघ को पांच मतों से परास्त कर दिया।
कुल 35 वार्डों में भाजपा की निखिला छाबड़ा को 20 और कांग्रेस की सुमन चुघ को 15 वोट हासिल हुए।
भाजपा के सिर्फ सात पार्षद विजयी हुए थे, जबकि कांग्रेस के 16 पार्षद चुने गए थे। बाकी 12 वार्डों में निर्दलीय पार्षद निर्वाचित हुए थे। इस लिहाज से कांग्रेस बहुमत के नजदीक थी। उसे साधारण बहुमत के लिये मात्र दो पार्षदों की जरूरत थी।
कांग्रेस दो पार्षद भी नहीं जुटा सकी बल्कि अपने पार्षदों को भी एकजुट नहीं रख पाई। वहीं भाजपा ने न केवल सभी 12 निर्दलीय को अपने पाले में कर लिया बल्कि कांग्रेस के खेमे में भी सेंध लगाते हुए उसका एक मत हासिल कर लिया। इससे कांग्रेस हाथ मलती रह गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित