श्रीगंगानगर , सितम्बर 14 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में गठित अनूपगढ़ जिले को समाप्त करने के फैसले का स्थानीय निकाय चुनाव में भारी खामियाजा भुगतना पड़ा है।

सोमवार को घोषित परिणामों में अनूपगढ़ और नवसृजित नई मंडी घड़साना नगर पालिका, दोनों जगह भाजपा को हार का सामना करना पड़ा। मतदाताओं की नाराजगी साफ झलक रही है। अनूपगढ़ नगर पालिका के कुल 35 वार्डों में कांग्रेस ने 16 वार्ड जीते, भाजपा को सिर्फ सात वार्ड मिले और 12 वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहे। किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला।

कांग्रेस हालांकि भाजपा से काफी आगे है और निर्दलीय पार्षदों का समर्थन जुटाकर अपना बोर्ड बनाने के काफी करीब पहुंच गयी है।

अनूपगढ़ विधानसभा क्षेत्र की दूसरी नवसृजित नगर पालिका नयी मंडी घड़साना में कुल 25 वार्ड हैं। यहां कांग्रेस ने 16 वार्ड जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया। भाजपा को मात्र चार वार्ड मिले और पांच में निर्दलीय विजयी हुए। पहली बार अस्तित्व में आयी इस नगर पालिका में कांग्रेस का दबदबा साफ है। यहां पूर्व सरपंच ज्योति मेघवाल का नाम पालिकाध्यक्ष के रूप में निर्विवाद रूप से सामने आया है। उनके बिना किसी बाधा के अध्यक्ष बनने की प्रबल संभावना है।

उल्लेखनीय है कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की कांग्रेस सरकार ने अनूपगढ़ सहित राज्य में कई नये जिले बनाये थे। इसके बाद हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार बनी तो मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अनूपगढ़ सहित कई जिले समाप्त कर दिए। उसी का नतीजा आज चुनाव परिणामों में सामने आ गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित