श्रीगंगानगर , सितम्बर 30 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के इंदिरा गांधी नहर परियोजना की अनूपगढ़ शाखा में सिंचाई पानी की मांग को लेकर चल रहे किसान आंदोलन को बुधवार को व्यापारियों का खुला समर्थन मिला।
शहर का बाजार पूरी तरह बंद रहा। निजी स्कूल, जनता ट्रक यूनियन और अधिकतर दुकानें भी बंद रखी गयीं। अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम) कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और अवरोधक लगाकर निगरानी बढ़ायी गयी। किसान पहले ही चेतावनी दे चुके थे कि 29 सितम्बर तक पानी नहीं आया, तो 30 सितम्बर को एडीएम कार्यालय घेरकर ताला लगा देंगे।
किसान कई दिनों से एडीएम कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे हैं। घड़साना क्षेत्र में आंदोलन इससे भी पहले शुरू हो चुका था। सावणी फसलें पानी की कमी से प्रभावित हो चुकी हैं। अब हाड़ी सीजन में सरसों की बुवाई का समय नजदीक है। पानी नहीं मिला, तो बुवाई का उपयुक्त समय निकल सकता है और अगली फसल का चक्र भी बिगड़ सकता है।
किसान नेता श्योपत मेघवाल और व्यापार मंडल अध्यक्ष सुनील गोदारा के अनुसार किसान आठ बारी सिंचाई पानी की मांग पर अड़े हैं। विभाग की ओर से पांच बारी और बांध की स्थिति के अनुसार एक अतिरिक्त बारी का आश्वासन दिया गया था, लेकिन स्पष्ट नियम जारी नहीं हुए। किसान चार में से दो समूहों में एक साथ पानी चलाने और छह महीने का स्थाई नियमनतय करने की मांग कर रहे हैं। खराब फसलों की विशेष गिरदावरी, मुआवजा और फसल बीमा दावे भी मांगों में शामिल हैं। हालात को देखते हुए एडीएम कार्यालय के बाहर भारी पुलिस जाब्ता तैनात किया गया। अवरोधक लगाकर निगरानी बढ़ाई गई। किसानों की ओर से दोपहर किसान सभा के बाद तालाबंदी की तैयारी बताई गई। पहले चरण में सैकड़ों किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ कार्यालय पहुंच चुके थे और द्वार बंद होने से कामकाज प्रभावित हो चुका था।
एडीएम अशोक सांगवा ने कहा कि किसानों की मांगें उच्च अधिकारियों तक पहुंचाई गयी हैं और सहमति बनाने का प्रयासजारी है। इससे पहले प्रशासन और किसानों के बीच वार्ता बेनतीजा रही थी।
व्यापारियों और किसानों का कहना है कि हाड़ी सीजन में सरसों क्षेत्र की प्रमुख फसल है। अक्टूबर में समय पर सिंचाई पानी नहीं मिला तो बुवाई का समय निकल जाएगा। सावणी में पहले ही नुकसान हो चुका है। अगर पानी की कमी बनी रही तो किसान परिवारों की आय और अगली फसल दोनों प्रभावित होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित