श्रीगंगानगर , अप्रैल 14 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के सीमावर्ती अनूपगढ़ शहर में मंगलवार को ई-स्कूटी शोरूम में आग लगने से 35 से अधिक नयी इलेक्ट्रिक स्कूटियां जलकर नष्ट हो गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस हादसे में शोरूम का सामान भी पूरी तरह नष्ट हो गया और प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करीब 35 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
सूत्रों ने बताया कि सुबह अनूपगढ़ के मुख्य बाजार में स्थित इस शोरूम से वहां से जा रहे एक पुलिसकर्मी ने धुआं निकलते देखा। उसने तुरंत शोरूम मालिक पवन फुटेला को सूचना दी और मौके पर बुलाया। मालिक के पहुंचते ही जब शटर खोला गया तो अंदर से आग की तेज लपटें बाहर निकलने लगीं। देखते ही देखते पूरी दुकान में आग फैल गई और चंद मिनटों में सारा शोरूम जल गया।
सूत्रों ने बताया कि स्थानीय लोगों की मदद से दमकल विभाग के दलों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक शोरूम में रखी ज्यादातर इलेक्ट्रिक स्कूटियां और चार्जिंग उपकरण सहित अन्य सामान पूरी तरह जल चुका था। फिलहाल आग लगने का सटीक कारण सामने नहीं आया है लेकिन शुरुआती जांच में किसी ई-स्कूटी में ही शॉर्ट सर्किट होने और उसे बाकी स्कूटियों में आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित