चंडीगढ़ , अगस्त 25 -- पंजाब की सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने मंगलवार को अनुसूचित जाति (एससी) छात्रों के लिए पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों को लाभ पहुंचाने के लिए राज्यभर में जागरूकता एवं सुविधा अभियान तेज करने के निर्देश दिये हैं।
शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना एक जुलाई 2026 से नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर ऑनलाइन उपलब्ध है। डॉ. कौर ने जिला अधिकारियों को निर्देश दिया कि जागरूकता की कमी, प्रक्रिया संबंधी बाधाओं या तकनीकी समस्याओं के कारण कोई भी पात्र छात्र योजना के लाभ से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक कठिनाइयां किसी भी योग्य विद्यार्थी की उच्च शिक्षा में बाधा न बनें। उन्होंने पात्र अनुसूचित जाति छात्रों से निर्धारित अंतिम तिथि से काफी पहले आवेदन करने की अपील की।
उन्होंने ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के दौरान छात्रों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए एक समर्पित ई-मेल हेल्पडेस्क शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्राप्त समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
डॉ. कौर ने सभी जिला सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक अधिकारियों को शहरी, ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में विशेष जागरूकता-सह-सुविधा शिविर आयोजित करने के निर्देश दिये। अधिकारियों को पात्र छात्रों की पहचान करने, उन्हें ऑनलाइन आवेदन की प्रत्येक प्रक्रिया में मार्गदर्शन देने तथा अभियान की नियमित निगरानी करने को कहा गया है। उन्होंने उच्च शिक्षा, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान, तकनीकी शिक्षा एवं औद्योगिक प्रशिक्षण, स्कूल शिक्षा और पशुपालन विभागों के निदेशकों के अलावा विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और अन्य शिक्षण संस्थानों को भी छात्रों को आवेदन भरने और जमा करने में हरसंभव सहायता देने के निर्देश दिये।
डॉ. कौर ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि प्रत्येक पात्र अनुसूचित जाति छात्र को उच्च शिक्षा जारी रखने के लिए समय पर वित्तीय सहायता मिले। उन्होंने कहा कि विभागों, जिला प्रशासन और शिक्षण संस्थानों के सामूहिक प्रयासों से योजना की अधिकतम पहुंच सुनिश्चित की जाएगी और कोई भी योग्य विद्यार्थी इसके लाभ से वंचित नहीं रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित