भोपाल , सितंबर 13 -- मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के 32वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को राजधानी भोपाल में 'अनुसूचित जनजाति वर्ग के मानव अधिकारों का संरक्षण एवं शासकीय योजनाओं की उन तक पहुंच' विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में जनजातीय वर्ग के मानव अधिकारों के संरक्षण, शासकीय योजनाओं की पहुंच और उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा के साथ विभागीय योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
समारोह सुबह 11 बजे आर.सी.व्ही.पी. नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी के स्वर्ण जयंती सभागार में होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि तथा जनजातीय कार्य विभाग के मंत्री कुंवर विजय शाह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। अध्यक्षता मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के कार्यवाहक अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह करेंगे।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल रौतेल, जनजातीय कार्य विभाग के प्रमुख सचिव गुलशन बामरा और आयुक्त तरुण राठी सहित मानव अधिकार आयोग एवं जनजातीय कार्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा जनजातीय कार्य विभाग के हितग्राही, स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि तथा जनजातीय वर्ग के विद्यार्थी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इस दौरान 'अनुसूचित जनजाति वर्ग के मानव अधिकारों का संरक्षण एवं शासकीय योजनाओं की उन तक पहुंच' विषय पर वक्ताओं द्वारा संबोधन दिया जाएगा। साथ ही विभागीय योजनाओं की पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से जानकारी दी जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित