लखीमपुर खीरी , जून 22 -- लखीमपुर खीरी जिले में पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।

कार्रवाई की जद में आए पुलिसकर्मियों में थाना पलिया के उपनिरीक्षक अरविंद कुमार वर्मा, थाना खीरी के आरक्षी इन्द्रपाल सिंह, महिला थाना खीरी की महिला आरक्षी अर्चना यादव तथा सैनिक/कवच सेल के प्रभारी निरीक्षक असलम अली शामिल हैं।

आरोप है कि उपनिरीक्षक अरविंद कुमार वर्मा और आरक्षी इन्द्रपाल सिंह अवकाश समाप्त होने के बाद बिना सूचना के ड्यूटी से अनुपस्थित रहे। वहीं महिला आरक्षी अर्चना यादव द्वारा पुलिस वर्दी में सोशल मीडिया पर रील अपलोड कर विभागीय सोशल मीडिया नीति-2023 का उल्लंघन किया गया। दूसरी ओर निरीक्षक असलम अली द्वारा पुलिस विभाग से संबंधित एक अपुष्ट एवं भ्रामक खबर व्हाट्सएप ग्रुप में प्रसारित किए जाने का मामला सामने आया।

इन सभी मामलों को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए पुलिस अधीक्षक ने चारों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच बैठा दी है। साथ ही जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को चेतावनी दी गई है कि कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा सोशल मीडिया नीति के उल्लंघन पर भविष्य में भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित