उदयपुर , मार्च 26 -- राजस्थान में झीलों की नगरी में गुरुवार की शाम को बालीवुड नाईट में बॉलीवुड की लोकप्रिय सिंगर और पद्मश्री अनुराधा पौडवाल ने अपनी आवाज के जादू से लोगों को सम्मोहित कर दिया।

दर्शक फिल्मी गानों की बहार में ऐसे खोए कि कभी कोई ताली बजाकर, तो कभी उनके सुरों में सुर मिलाकर मग्न हो गए। अनुराधा के पुराने गानों पर उदयपुर ने पूरा साथ दिया सब गुनगुनाने लगे। शहर के भारतीय लोककला मंडल में संगीतमय कार्यक्रम में अनुराधा पौडवाल ने बालीवुड नाईट में एक से बढक़र नए और पुराने गानों के साथ उदयपुर वालों को बांध दिया। दिवंगत इंदिरा मुर्डिया की 73वीं जन्म जयंती के अवसर पर इंदिरा इंटरप्राईजेज, कश्ती फाउंडेशन एवं यूएसएम ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में यह सुरमई शाम सजाई गई।

प्रारंभ में इंदिरा इंटरप्राइजेज के निदेशक डॉ. अजय मुर्डिया, कश्ती फाउंडेशन की फाउंडर श्रद्धा मुर्डिया, आस्था मुर्डिया, यूएसएम के डॉ. एच. एस. भुई ने शहरवासियों का स्वागत किया।

इंदिरा इंटरप्राइजेज के निदेशक डॉ. मुर्डिया ने बताया कि इस सजी शाम के बीच इंदिरा इंटरप्राईजेज और विज्ञान समिति के संयुक्त तत्वावधान में 'इंदिरा मुर्डिया लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड' दिया गया। यह पहला अवार्ड है जो आगे प्रतिवर्ष राष्ट्रीय स्तर पर दिया जाएगा। पहला अवार्ड पूर्व भारतीय राजनेता दीपक वोराजी को उनकी उत्कृष्ट राजनीतिक सेवाओं के लिए प्रदान किया गया। इसके तहत उन्हें प्रशति पत्र एवं पांच लाख रुपये की राशि प्रदान की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित