जालंधर , जुलाई 07 -- पंजाब महिला कांग्रेस ने अनुराधा को जालंधर (शहरी) महिला कांग्रेस का नया जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा की मंजूरी के बाद छह जुलाई को जारी आदेश के तहत की गयी।

नियुक्ति की घोषणा के बाद मंगलवार को विधायक परगट सिंह के कार्यालय में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अनुराधा का स्वागत किया और उन्हें नयी जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर युवा कांग्रेस जालंधर के जिला अध्यक्ष अंगद दत्ता, वरिष्ठ कांग्रेस नेता धर्मिंदर सिंह भिंडा, जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव भूपिंदर सिंह भिंडा, विधायक परगट सिंह के निजी सचिव मनवीर सिंह, सोनिया अहीर, सरबजीत कौर दादड़ा, एनी बंगा, सिमरन चहल, सुनीता रानी, सेजल चहल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

श्री दत्ता ने कहा कि अनुराधा की नियुक्ति कांग्रेस परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में महिला कांग्रेस और अधिक मजबूत होगी तथा युवा कांग्रेस संगठन को मजबूत करने में पूरा सहयोग देगी।

नवनियुक्त जिला अध्यक्ष अनुराधा ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा, पंजाब प्रदेश महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष बलजीत कौर, विधायक परगट सिंह, राजिंदर बेरी और सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा जताये गये विश्वास के लिए धन्यवाद देती हैं।

उन्होंने कहा कि वह महिला कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत करने, महिलाओं की आवाज बुलंद करने और कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित