नयी दिल्ली , जुलाई 17 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता नरेश कुमार ने दिल्ली पुलिस के नये आयुक्त अनुराग कुमार को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की है कि उनके नेतृत्व में राष्ट्रीय राजधानी की कानून-व्यवस्था में सुधार होगा तथा जनता को प्रभावी, पारदर्शी और जनहितैषी पुलिस व्यवस्था का लाभ मिलेगा।

डॉ. नरेश कुमार ने शुक्रवार को यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि पिछले कुछ समय से दिल्ली में बढ़ते अपराध और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर कांग्रेस लगातार दिल्ली के उपराज्यपाल से ठोस और प्रभावी कदम उठाने की मांग करती रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में राजधानी की कानून-व्यवस्था गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है। ऐसे समय में नए पुलिस आयुक्त की नियुक्ति हुई है, जब दिल्ली को एक मजबूत, जवाबदेह, संवेदनशील और परिणाममुखी पुलिस नेतृत्व की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि राजधानी में कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए दिल्ली पुलिस को पर्याप्त संसाधन और मानवबल उपलब्ध कराना भी जरूरी है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि दिल्ली पुलिस में लगभग 15,000 रिक्त पदों पर जल्द भर्ती की जाए, नयी भर्तियों की प्रक्रिया शुरू की जाए तथा लंबे समय से लंबित पदोन्नतियों को तत्काल प्रभाव से पूरा किया जाय।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों की उपलब्धता और उनका मनोबल बढ़ाना दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्री कुमार अपने व्यापक प्रशासनिक एवं खुफिया अनुभव का उपयोग करते हुए राजधानी में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने तथा कानून के शासन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाएंगे।

उन्होंने कहा कि कहा कि दिल्ली में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कांग्रेस पार्टी एक जिम्मेदार और सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता बेहतर कानून-व्यवस्था की अपेक्षा रखती है और उन्हें विश्वास है कि नए पुलिस आयुक्त इस दिशा में सकारात्मक, प्रभावी और परिणामकारी भूमिका निभाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित