रायगढ़ , जुलाई 10 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में ऐतिहासिक जन्माष्टमी मेले की तैयारी प्रशासनिक अनुमति मिलने से पहले शुरू किए जाने पर नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए मेले का सामान जब्त कर लिया।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार जन्माष्टमी के अवसर पर प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले ऐतिहासिक मेले के लिए जिला प्रशासन से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य है। सुरक्षा, यातायात व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए अनुमति जारी की जाती है।
अधिकारियों ने बताया कि मेला संचालक ने अनुमति के लिए आवेदन किया था, लेकिन प्रशासन की ओर से अभी तक स्वीकृति जारी नहीं की गई थी। इसके बावजूद ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में झूले, दुकानें और अन्य सामग्री पहुंचाकर मेले की तैयारी शुरू कर दी गई।
मामले की जानकारी मिलने पर नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और बिना अनुमति लगाए जा रहे मेले का सामान जब्त कर लिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वैध अनुमति के बिना किसी भी प्रकार का मेला अथवा सार्वजनिक आयोजन नहीं किया जा सकता तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित