गोपालगंज,12अक्टूबर(वार्ता)आगामी पर्व-त्योहारों के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर सोमवार को अनुमंडल कार्यालय, गोपालगंज में अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. प्रेरणा सिंह की उपस्थिति में आयोजित बैठक में संबंधित पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं शांति समिति के सदस्यों के साथ विधि-व्यवस्था की समीक्षा की गई।
बैठक में पर्व-त्योहारों के दौरान शांति एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने, आपसी भाईचारे को मजबूत करने तथा किसी भी संभावित समस्या के प्रति सतर्क रहने पर जोर दिया गया। प्रशासन की ओर से सभी पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए आवश्यक सतर्कता एवं समन्वय बनाए रखने पर बल दिया गया।
अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी सदस्यों से आपसी सहयोग, जिम्मेदारी एवं सकारात्मक सहभागिता के साथ त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहार सामाजिक समरसता एवं भाईचारे का प्रतीक हैं। सभी लोग आपसी सद्भाव बनाए रखते हुए प्रशासन का सहयोग करें।
बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिधवलिया, कार्यपालक पदाधिकारी, गोपालगंज सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित