धार , जुलाई 28 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के गंधवानी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम काबरवा स्थित शासकीय अनुदान प्राप्त कामधेनु गौशाला में एक गाय की मौत के बाद उसके शव को कुत्तों द्वारा नोचने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो में गौशाला परिसर में मृत गाय का शव, आसपास फैली कीचड़ तथा कई कमजोर और बीमार गायें दिखाई दे रही हैं। घटना के सामने आने के बाद स्थानीय गौ-सेवकों ने गौशाला की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए जनपद पंचायत के अधिकारियों से शिकायत की।
गौ-सेवकों का आरोप है कि गौशाला को शासकीय अनुदान मिलने के बावजूद गायों को समय पर चारा और उपचार उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, जिसके कारण उनकी स्थिति लगातार खराब हो रही है।
शिकायत मिलने पर जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) राधा डावर ने रोजगार सहायक तथा पशु चिकित्सक को तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण करने, गौशाला की सफाई कराने तथा बीमार पशुओं का उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
ग्राम पंचायत काबरवा के रोजगार सहायक इमरान मंसूरी ने बताया कि गौशाला में वर्तमान में 46 गायें और छह बछड़े हैं। मृत गाय के शव का नियमानुसार अंतिम निस्तारण कर दिया गया है तथा पशु चिकित्सक को नियमित रूप से गौशाला पहुंचकर पशुओं के स्वास्थ्य की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित