पटना , सितंबर 28 -- जन सुराज के सूत्रधार एवं बांकीपुर के विधायक प्रशांत किशोर ने बिहार विधान परिषद के लिए पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह पर लगे आरोपों को लेकर कहा है कि यदि प्राथमिकी दर्ज होती है या मामला अदालत के सामने आता है, तो पार्टी उचित कार्रवाई करेगी।

श्री किशोर ने आज पटना में संवाददाताओं से बातचीत में अनुज सिंह पर लगे आरोपों के संबंध में कहा कि किसी भी व्यक्ति के खिलाफ आरोप लगना और उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज होना अथवा अदालत में मामला पहुंचना अलग-अलग बातें हैं। यदि मामला कानूनी प्रक्रिया के तहत सामने आता है, तो जन सुराज इस पर उचित कार्रवाई करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी अपने सिद्धांतों और राजनीतिक प्रतिबद्धताओं से समझौता नहीं करेगी।

जनसुराज के सूत्रधार ने बिहार में होने वाले विधान परिषद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव में मतदाताओं से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवारों को वोट नहीं देने की अपील की। इसके साथ हीं उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को भी समर्थन देने से इनकार किया।

श्री किशोर ने स्पष्ट किया कि जनसुराज इन चुनावों में अपनी अलग राजनीतिक पहचान और विचारधारा के आधार पर आगे बढ़ेगा। इस दौरान उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाये। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया और आयोग की भूमिका पर अपनी आपत्तियां जताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनाव की निष्पक्षता और पारदर्शिता महत्वपूर्ण है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित