नयी दिल्ली , मई 09 -- ओलंपियन अनीश भनवाला ने रेलवे का प्रतिनिधित्व करते हुए यहां डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित 24वीं कुमार सुरेंद्र सिंह मेमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप में 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल पुरुष स्पर्धा का स्वर्ण पदक अपने नाम किया।अनीश ने फाइनल में 31 का स्कोर बनाकर शीर्ष स्थान हासिल किया। मध्य प्रदेश के सूरज शर्मा ने 28 के स्कोर के साथ रजत पदक जीता, जबकि पंजाब के विजयवीर सिद्धू ने शूट-ऑफ के बाद 25 के स्कोर के साथ कांस्य पदक हासिल किया। उत्तराखंड के अंकुर गोयल 20 के स्कोर के साथ चौथे स्थान पर रहे।

राजस्थान के भावेश शेखावत 17 के साथ पांचवें, नौसेना के ओंकार सिंह 11 के साथ छठे, हरियाणा के गौरव गुप्ता 7 के साथ सातवें और दिल्ली के हर्ष गुप्ता 6 के साथ आठवें स्थान पर रहे।

क्वालिफिकेशन में अंकुर गोयल ने 583-23x के स्कोर के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। सूरज शर्मा भी 583 के स्कोर पर रहे, लेकिन 14 इनर-10 के कारण दूसरे स्थान पर रहे। अनीश 582 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रहे, जबकि हर्ष गुप्ता 581 के साथ चौथे स्थान पर रहे। विजयवीर सिद्धू ने 580 के साथ पांचवां, ओंकार सिंह ने 578 के साथ छठा, भावेश शेखावत ने 577 के साथ सातवां और गौरव गुप्ता ने भी 577 के स्कोर के साथ आठवां एवं अंतिम क्वालिफिकेशन स्थान हासिल किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित