चंडीगढ़ , मई 28 -- हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री ने भाजपा की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व से प्रदेश भाजपा को नयी गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि डॉ गुप्ता एक सक्रिय कार्यकर्ता हैं और लंबे समय बाद किसी महिला को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गयी है।

उन्होंने कहा कि भाजपा एक लोकतांत्रिक पार्टी है, जहां बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक संगठनात्मक चुनाव होते हैं। विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अन्य पार्टियों में संगठन नहीं, बल्कि एजेंसियों की तरह काम होता है और ऊपर से पद बांटे जाते हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष के महंगाई संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री विज ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड्गे अपनी याददाश्त खो चुके हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में भी महंगाई रही, लेकिन तब उन्होंने इस मुद्दे को नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि वर्तमान महंगाई के पीछे अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियां जिम्मेदार हैं। उन्होंने दावा किया कि भारत ने अन्य देशों की तुलना में पेट्रोलियम कीमतों को काफी हद तक नियंत्रित रखा है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार लोगों पर बोझ कम करने के प्रयास कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित