चंडीगढ़ , मई 29 -- हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने प्रदेश के यमुनानगर स्थित पवित्र सरस्वती उद्गम स्थल श्री आदिबद्री नारायण मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर श्री अनिल विज ने कहा कि आदिबद्री हरियाणा की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। शिवालिक पर्वतमाला की तलहटी में स्थित यह स्थल पौराणिक सरस्वती नदी के उद्गम स्थल के रूप में विशेष पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार महाभारत काल में यहां अनेक ऋषि-मुनियों ने तपस्या और यज्ञ किए थे।

उन्होंने कहा कि श्री आदिबद्री नारायण मंदिर का उल्लेख प्राचीन धार्मिक ग्रंथों और पुराणों में भी मिलता है तथा देशभर से श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार आदिबद्री क्षेत्र को धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत स्थल के रूप में विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इस धरोहर से जुड़ सकें।

इस दौरान भाजपा पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित