चंडीगढ़ , सितंबर 25 -- हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने शुक्रवार को यमुनानगर में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को जन शिकायतों का समयबद्ध समाधान करने के निर्देश दिए।

बैठक में कुल 16 परिवाद रखे गए, जिनमें से सात का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया, जबकि नौ मामलों को आगामी बैठक तक लंबित रखते हुए कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

श्री विज ने सुरक्षा गार्डों की शिकायत पर एसएसएस सॉल्यूशन सर्विस कंपनी के खिलाफ श्रम कानूनों के उल्लंघन की शिकायतों को लेकर कार्रवाई के आदेश दिए। कर्मचारियों ने आरोप लगाया था कि उन्हें बढ़ा हुआ वेतन नहीं दिया गया और ईएसआई कार्ड भी नहीं बनाए गए।

उन्होंने इंडियन प्लाईवुड के खिलाफ प्रदूषण संबंधी शिकायत पर तय समय में कार्रवाई नहीं करने वाले संबंधित प्रदूषण विभाग के अधिकारी को चार्जशीट करने के निर्देश दिए गए। वहीं, रवि किरण की पेंशन बंद किए जाने के मामले में उन्हें पेंशन जारी करने तथा समाज कल्याण विभाग के अधिकारी की गलती की जांच के आदेश दिए।

राम कुमार की गंदे पानी की निकासी संबंधी शिकायत पर अवैध कब्जे वाली भूमि खाली करवाने के निर्देश दिए गए। कैनरा बैंक से 60 लाख रुपये की कथित ठगी के मामले में एसपी यमुनानगर को जांच कर अगली बैठक में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए।

श्री विज ने कलावड़ में दबे पाइपों की शिकायत की जांच के लिए एसडीएम और समिति सदस्यों की कमेटी गठित कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। बैठक में उपायुक्त प्रीति, एसपी कमलदीप गोयल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और समिति के सदस्य मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित