चंडीगढ़ , मार्च 24 -- हरियाणा के ऊर्जा परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें अपना चश्मा साफ कर लेना चाहिए क्योंकि धूल जमे चश्मे से चीजें धुंधली दिखाई देती हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज विश्व के चमकते सितारे हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उन्हें सम्मान मिलता है। श्री विज ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यों को स्वीकार करना चाहिए।

राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री के भाषण के बाद उनकी छवि धूमिल होने के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री विज ने यह टिप्पणी की।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इस बयान पर कि मोदी और अमित शाह का कार्यकाल समाप्त होने वाला है श्री विज ने तंज कसते हुए कहा कि सपने देखने पर कोई पाबंदी नहीं होती लेकिन डूबे हुए व्यक्ति के सपने कभी सच नहीं होते।

एआईएमआईएम नेता के एक विवादित बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए विज ने कहा कि कुछ नेता गलतफहमी में हैं जबकि देश में कानून का राज है और सरकार सभी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित