मुंबई , अक्टूबर 22 -- भिनेत्री रुपाली गांगुली ने कहा है कि अभिनेता अनिल कपूर के साथ मंच साझा करते हुए उन्हें लगा कि उनके दिवंगत पिता और फिल्मकार अनिल गांगुली स्वर्ग में मुस्कुरा रहे होंगे।रुपाली हाल ही में 'इंडिया के टॉप 1%- द अनिल कपूर शो' में नजर आईं, जहां उन्होंने अपने पिता से जुड़ी यादें साझा कीं। अनिल गांगुली ने 1985 में प्रदर्शित फिल्म 'साहेब' में अनिल कपूर को निर्देशित किया था।

रुपाली ने कहा कि उन्होंने कभी कल्पना नहीं की थी कि एक दिन वह अपने पिता के पसंदीदा कलाकारों में शामिल अनिल कपूर के साथ मंच साझा करेंगी। उन्होंने अनिल कपूर की ऊर्जा, शालीनता और अभिनय के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनसे उन्होंने हर दृश्य की तैयारी और रिहर्सल का महत्व सीखा है।उन्होंने बताया कि उनके पिता ने अनिल कपूर को फिल्म 'साहेब' में लेने से पहले उनकी फिल्म 'वो सात दिन' देखी थी। उसमें उनके अभिनय की मासूमियत और संवेदनशीलता ने गहरी छाप छोड़ी थी।

अपने पिता को याद करते हुए रुपाली ने कहा कि वह ईमानदार, सरल और उसूलों पर चलने वाले व्यक्ति थे। उन्होंने अपने पिता से सीखा कि काम में उतार-चढ़ाव आ सकते हैं, लेकिन एक इंसान के रूप में अपने सम्मान और मूल्यों से समझौता नहीं करना चाहिए।

रुपाली ने यह भी बताया कि उनके पिता के निर्देशन में बनी फिल्म 'साहेब' की शूटिंग महज 23 दिनों में पूरी हुई थी। अनिल कपूर के साथ अपने पिता से जुड़ी यादें साझा करना उनके लिए भावुक और यादगार अनुभव रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित