उज्जैन , जुलाई 24 -- मध्य प्रदेश के उज्जैन संभागायुक्त आशीष सिंह ने मंदसौर जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. गोविंद सिंह चौहान को स्वास्थ्य सेवाओं में अनियमितता, आर्थिक अनियमितताओं तथा शासकीय दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही संबंधी शिकायतों के आधार पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार संभागायुक्त ने मध्यप्रदेश सिविल सेवा वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील नियम, 1966 के नियम 9(1)(क) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह कार्रवाई की।
बताया गया है कि डॉ. चौहान के विरुद्ध जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के संचालन में अनियमितता, वित्तीय अनियमितताओं, कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही, नियमों के उल्लंघन तथा टीएल एवं अन्य अंतरविभागीय समीक्षा बैठकों में लगातार अनुपस्थित रहने संबंधी शिकायतें प्राप्त हो रही थीं।
वही निलंबन अवधि के दौरान डॉ. चौहान का मुख्यालय कलेक्टर कार्यालय, मंदसौर निर्धारित किया गया है। संभागायुक्त ने जिला चिकित्सालय मंदसौर में पदस्थ ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. आर.के. द्विवेदी को आगामी आदेश तक सीएमएचओ, मंदसौर का प्रभार सौंपने के निर्देश भी जारी किए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित