रामनगर,23फरवरी(वार्ता) उत्तराखंड के रामनगर में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया,जब एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर कोसी बैराज क्षेत्र की नहर में जा गिरी,हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।

दुर्घटना में कार सवार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार रामनगर के बालाजी मंदिर की ओर से एक स्विफ्ट कार कोसी बैराज की तरफ जा रही थी,इसी दौरान चालक अचानक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग को तोड़ते हुए नहर में जा गिरी1 बताया जा रहा है कि कार नहर में गिरने के बाद कई पलटियां खाते हुए बीच धारा में अटक गई।

घटना को देख आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया,स्थानीय लोगों, पुलिस और दमकल टीम की मदद से नहर में गिरी कार से चालक को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही सीओ सुमित पांडे, कोतवाल सुशील कुमार, पुलिस बल और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान को तेज किया,पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण भी किया।

सीओ सुमित पांडे ने बताया कि घायल चालक की पहचान रामनगर के जसपुरिया लाइन निवासी 38 वर्षीय ईशांत अग्रवाल के रूप में हुई है, जो अपनी कार से बैराज की ओर जा रहे थे,इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित