बैतूल , जून 27 -- मध्य प्रदेश के बैतूल में किसानों को गुणवत्तायुक्त कृषि आदान उपलब्ध कराने और कृषि क्षेत्र में अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने घोड़ाडोंगरी विकासखंड में शुक्रवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अनाधिकृत रूप से भंडारित उर्वरक एवं जैविक खाद जब्त की है। मामले में संबंधित विक्रेता के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे के निर्देश तथा उप संचालक कृषि आर.जी. रजक के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय उर्वरक निरीक्षण दल ने शुक्रवार को घोड़ाडोंगरी क्षेत्र के कृषि आदान प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बागडोना (सारनी) स्थित मेसर्स काका बीज भंडार के मालिक बजरंग लाल अग्रवाल के स्वयं के गोदाम की जांच की गई।
निरीक्षण में पाया गया कि गोदाम में बिना अनुज्ञप्ति में दर्ज कराए उर्वरकों एवं जैविक खाद का भंडारण कर विक्रय के लिए रखा गया था। जांच के दौरान मेसर्स मोनि मिनरल्स एंड ग्राइंडर्स (यूनिट-2), मेघनगर (झाबुआ) द्वारा निर्मित एनपीके 20:20:10 उर्वरक की 16 बोरियां तथा एनपीके 12:32:06 उर्वरक की 5 बोरियां, कुल 21 बोरियां बरामद की गईं। इसके अलावा मेसर्स मॉडर्न एग्रो जेनेटिक्स लिमिटेड, पीथमपुर (धार) द्वारा निर्मित 'उजाला बायो ऑर्गेनिक मैन्योर' की 44 बाल्टियां भी अनधिकृत रूप से भंडारित पाई गईं।
कृषि विभाग के अनुसार जब्त की गई सामग्री का मूल्य निर्धारित अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) के आधार पर लगभग 1 लाख 8 हजार रुपये आंका गया है। विभाग ने तत्काल प्रभाव से उक्त उर्वरकों एवं जैविक खाद के विक्रय पर रोक लगाते हुए संपूर्ण सामग्री को जप्त कर सहकारी समिति सारनी की सुपुर्दगी में सुरक्षित रखवा दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित