हरिद्वार/रुड़की , मार्च 05 -- उत्तराखंड में रुड़की के अनाज मंडी बीटीगंज स्थित एक गोदाम में गुरुवार तड़के अचानक भीषण आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही अग्निशमन रुड़की की दो गाड़ियां, अग्निशमन अधिकारी वंश नारायण यादव के नेतृत्व में मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से लाखों रुपये का सामान जलने से बच गया और बड़ा हादसा टल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अग्निशमन स्टेशन रुड़की को अनाज मंडी बीटीगंज, कोतवाली गंगनहर क्षेत्र स्थित एक दुकान की ऊपरी मंजिल पर बने गोदाम में आग लगने की सूचना मिली। गोदाम में चिप्स, मुरमुरे और खील सहित अन्य खाद्य सामग्री का भंडारण किया गया था। सूचना मिलते ही अग्निशमन इकाई मौके पर पहुंची और मोटर फायर इंजन से दो होज पाइप लाइन बिछाकर आग बुझाने का कार्य शुरू किया।

घटना स्थल पर धुएं से भरे माहौल के बीच दमकल कर्मियों ने जोखिम उठाते हुए आयरन कटर की मदद से खिड़की काटी और गोदाम में रखा काफी सामान बाहर निकाला। दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत और सूझबूझ से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया तथा आग को आसपास की अन्य दुकानों तक फैलने से भी रोक दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित