नयी दिल्ली , अक्टूबर 1 -- भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) और फ़ूड कॉर्पोरेशन ऑफ़ इंडिया (एफसीआई) ने गेहूं और चावल के भंडारण में लगने वाले कीड़ों के सुरक्षित और टिकाऊ प्रबंधन के लिए वैकल्पिक फ्यूमिगेशन (धुएं से कीटनाशक उपचार) तकनीकों पर अनुसंधान एवं विकास में सहयोग का करार किया है।
इस पहल का मकसद पारंपरिक केमिकल फ्यूमिगेशन (रसायन-आधारित धूमन) के ऐसे विकल्प विकसित करना है जो वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित, बड़े पैमाने पर लागू करने योग्य और टिकाऊ हों। साथ ही, इसका उद्देश्य कीटों में बढ़ती प्रतिरोधक क्षमता, काम के दौरान रसायनों के संपर्क में आने से जुड़े जोखिम, पर्यावरण पर असर और फ्यूमिगेंट के अवशेषों (रेसिड्यू) से जुड़ी चिंताओं का समाधान करना भी है।
राजधानी में आयोजित समारोह में आईसीएआर के महानिदेशक और कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. एम. एल. जाट; आईसीएआर के उप महानिदेशक (कृषि इंजीनियरिंग) डॉ. राजबीर सिंह; उप महानिदेशक (फसल विज्ञान) डॉ. डी. के. यादव; और सहायक महानिदेशक (प्रोसेसिंग इंजीनियरिंग) डॉ. के. नरसैया की मौजूदगी में समझौते पर हस्ताक्षर किए गये। इस समझौते पर आईसीएआर-सीफेट के निदेशक डॉ. नचिकेत कोटवालीवाले और फिक्की के कार्यकारी निदेशक (गुणवत्ता नियंत्रण) डॉ. ए. के. सिन्हा ने हस्ताक्षर किए।
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की गुरुवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार बुधवार को हुए इस दो साल के समझौते के तहत चलने वाली परियोजनाओं को उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के खाद्य और सार्वजनिक वितरण विभाग का समर्थन प्राप्त है। इसके पहले चरण में पायलट परियोजना का काम आईसीएआर के लुधियाना स्थित संस्थान सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ़ पोस्ट-हार्वेस्ट इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (सीफेट) करेगा।
पायलट परियोजना के बाद दूसरे चरण में अलग-अलग कृषि-जलवायु क्षेत्रों में कई जगहों पर परीक्षण किया जाएगा, ताकि क्षेत्र-विशेष के लिए मानक प्रक्रियाएं (एसओपी) तय की जा सकें।
दशकों से देश में अनाज को भंडारण के दौरान घून आदि कीड़ों से बचाने के लिए एल्युमिनियम फॉस्फाइड (एएलपी) और मैलाथियान जैसे रसायनों का प्रयोग किया जाता रहा है। हालाँकि इनके व्यापक और बार-बार इस्तेमाल के गंभीर परिणाम सामने आए हैं साथ ही कीड़ों में इन कीटनाशकों के प्रति प्रतिरोधक क्षमता का स्तर 72-100 प्रतिशत तक पहुँच गया है। इससे ऑपरेशनल लागत बढ़ जाती है। इन कीटनाशकों से से कामगारों को सांस संबंधी गंभीर खतरे और लंबे समय में पर्यावरण को नुकसान पहुँचने का जोखिम रहता है।
सीएसआईआर-एफसीआई की यह पहल नाइट्रोजन गैस, कार्बन डाइऑक्साइड (सीओ2) और सीओ2 व फॉस्फीन के मिले-जुले इस्तेमाल को कॉमर्शियल स्तर पर मानक बनाकर इन चुनौतियों का सीधे समाधान करने का प्रयास करती है। पहले चरण में निम्नलिखित तीन प्रमुख परीक्षण किए जाएँगे: इनमें धातु के बड़े बखारों में रखे गेहूं में नाइट्रोजन गैस का धुआं किया जाना ,गोदामों में बोरियों में रखे गेहूं और चावल में कीड़ों के प्रबंधन/नियंत्रण के लिए कार्बन डाइऑक्साइड और फॉस्फीन गैस के मिले-जुले इस्तेमाल से फ्यूमिगेशन किया जाना तथा हवा-रोधी आवरण के नीचे बंद बोरियों में रखे गेहूं और चावल को कीड़ों से बचाने के लिए कार्बन डाइऑक्साइड का धुआं किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित