लखनऊ , सितंबर 23 -- तीसरी वरीय अनन्या जैन व चौथी वरीय शताक्षी चौधरी ने 25वीं आरएस सागर मेमोरियल ऑल इंडिया महिला प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट में जीत के साथ बुधवार को एकल सेमीफाइनल में जगह बनाई और यूपी की चुनौती कायम रखी। वहीं दिल्ली की रेहा अरोरा ने लगातार दूसरा उलटफेर करते हुए अंतिम चार में स्थान सुरक्षित किया।

उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन के तत्वावधान में लामार्टिनियर लॉन टेनिस फैसिलिटी में आयोजित टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में एकल में तीसरी वरीय यूपी की अनन्या जैन ने पांचवीं वरीय यूपी की शगुन को 6-0, 7-5 से हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया। अनन्या ने पहले सेट में शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा और शगुन को एक भी गेम नहीं जीतने दिया। दूसरे सेट में दोनों के बीच कड़ा मुकाबला रहा, लेकिन अहम मौकों पर बेहतर खेल दिखाते हुए अनन्या ने सेट अपने नाम कर मैच जीत लिया।

वहीं चौथी वरीय यूपी की शताक्षी चौधरी ने आठवीं वरीय असम की स्निग्धा को तीन सेट तक चले रोमांचक मुकाबले में 3-6, 6-0, 6-2 से हराया। पहले सेट में स्निग्धा ने बढ़त बनाई, लेकिन इसके बाद शताक्षी ने शानदार वापसी करते हुए दूसरे सेट में एक भी गेम नहीं गंवाया और खेल का रुख पूरी तरह बदल दिया। निर्णायक सेट में भी शताक्षी ने लय कायम रखते हुए मैच अपने नाम कर लिया।

अन्य क्वार्टर फाइनल में शीर्ष वरीय दिल्ली की लक्ष्मी गौड़ा ने ओडिशा की कृष्णा राज को 7-5, 6-0 से हराया। वहीं दिल्ली की रेहा ने दूसरी वरीय राजस्थान की आयुषी तंवर को 7-5, 6-3 से हराकर उलटफेर करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया। रेहा ने इससे पहले प्री क्वार्टर फाइनल में छठी वरीय भूमिका को हराकर उलटफेर किया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित