बारां , जुलाई 13 -- राजस्थान में कृषि विभाग ने बारां जिले के कृषकों से अनधिकृत उर्वरक विक्रेताओं के झांसे में नहीं आने का आग्रह किया है।

आधिकारिक सू्त्रों ने सोमवार को बताया कि विभाग को सूचना मिली है कि कुछ अनधिकृत कंपनियों के प्रतिनिधि गांवों में जाकर कृषकों से संपर्क कर रहे हैं और डीएपी के नाम पर संदिग्ध उर्वरक बेचने के लिए पंजीयन शुल्क के नाम पर राशि वसूल रहे हैं। संयुक्त निदेशक कृषि विस्तार राजेश विजय ने बताया कि कृषक केवल विभाग द्वारा पंजीकृत एवं अधिकृत कृषि आदान विक्रेताओं से ही उर्वरक खरीदें और खरीदी का बिल अवश्य प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि कोई भी विक्रेता अपने अधिकृत विक्रय परिसर के बाहर गांव-गांव जाकर उर्वरक बेचने के लिए अधिकृत नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित