पटना , अक्टूबर 05 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने मोकामा विधायक अनंत सिंह और पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी नीरज कुमार के बीच चल रहे विवाद को शांत करने के प्रयास के तहत अनंत सिंह से बातचीत की, जिसके बाद उन्होंने सार्वजनिक रूप से नीरज कुमार के खिलाफ बयान नहीं देने पर सहमति जताई है।

केंद्रीय मंत्री श्री सिंह ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उन्होंने जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा के कहने पर अनंत सिंह से बात की। उन्होंने बताया कि अनंत सिंह ने पार्टी के हित में अब नीरज कुमार के खिलाफ सार्वजनिक बयान नहीं देने का आश्वासन दिया है। हालांकि, अनंत सिंह ने यह स्पष्ट किया है कि वह नीरज कुमार के लिए प्रचार नहीं करेंगे और उनके पक्ष में वोट भी नहीं मांगेंगे। वह पटना स्नातक सीट से जन सुराज के प्रत्याशी डॉ. अनुज कुमार के समर्थन की अपनी घोषणा पर कायम हैं।

श्री सिंह ने विवाद में मोकामा विधायक श्री सिंह की शिकायतों को भी सामने रखा। उन्होंने कहा, "ताली एक हाथ से नहीं बजती।" यदि कोई कार्रवाई हुई है तो उसकी प्रतिक्रिया भी होगी। उन्होंने माना कि जब अनंत सिंह के खिलाफ कथित तौर पर प्रचार किया जा रहा था, तब पार्टी संगठन को हस्तक्षेप करना चाहिए था। उन्होंने कहा कि इस मामले में प्रदेश जदयू संगठन की ओर से चूक हुई और समय रहते पहल नहीं की गई।

केंद्रीय मंत्री के अनुसार, मोकामा विधायक श्री सिंह ने उन्हें बताया कि पिछली नीतीश कुमार सरकार के खिलाफ जब अविश्वास प्रस्ताव आया था, तब जदयू के कई नेता उनसे समर्थन मांगने पहुंचे थे और उन्होंने श्री कुमार के प्रति सम्मान और बिहार के विकास के लिए सरकार के बने रहने की इच्छा के कारण समर्थन दिया था। इसके बाद श्री सिंह को एक मुलाकात के दौरान श्री कुमार ने ही मोकामा से विधानसभा चुनाव लड़ने की सलाह दी थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित