मुंबई , अप्रैल 07 -- रिलायंस इंडस्ट्रीज़ के कार्यकारी निदेशक अनंत अंबानी ने केरल के दो प्रमुख धार्मिक स्थलों राजराजेश्वरम मंदिर और गुरुवायूर मंदिर की यात्रा के दौरान मंदिर संरक्षण और पशु कल्याण से जुड़ी कई पहलों की घोषणा करने के साथ ही उन्होंने दोनों मंदिरों को छह करोड़ रुपये का दान दिया है।

श्री अंबानी ने इसके अलावा राजराजेश्वरम मंदिर के व्यापक जीर्णोद्धार के लिए 12 करोड़ रुपये देने की प्रतिबद्धता जतायी है। उन्होंने उत्तर केरल के कन्नूर जिले के तलिपरंबा शहर स्थित प्राचीन राजराजेश्वरम मंदिर को तीन करोड़ रुपये का दान दिया। मंदिर के व्यापक जीर्णोद्धार के लिए वह अतिरिक्त 12 करोड़ रुपये का भी दान देंगे। इस योजना में मंदिर के ऐतिहासिक ईस्ट गोपुरम का पुनर्निर्माण भी शामिल है, जो लंबे समय से जर्जर स्थिति में था। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बुनियादी ढांचे और पार्किंग व्यवस्था में सुधार किया जाएगा।

इसके बाद श्री अंबानी ने मध्य केरल के त्रिशूर जिले में स्थित प्रसिद्ध गुरुवायूर मंदिर में दर्शन किये और मंदिर ट्रस्ट को तीन करोड़ रुपये का दान दिया। उन्होंने मंदिर परंपराओं से जुड़े हाथियों के कल्याण के लिए अस्पताल, बिना जंजीर वाले आश्रय और आधुनिक देखभाल सुविधाएं विकसित करने की पहल को भी समर्थन देने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर अनंत अंबानी ने कहा कि भारत की आध्यात्मिक परंपराएं केवल पूजा स्थल नहीं, बल्कि समाज, प्रकृति और करुणा को जोड़ने वाली जीवंत संस्थाएं हैं। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए इस विरासत को सुरक्षित रखना सामूहिक जिम्मेदारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित