मुंबई , अप्रैल 09 -- उद्योगपति अनंत अंबानी के 30वें जन्मदिन की पूर्व संध्या पर मुंबई भर में समुदाय-केंद्रित कई पहलें शुरू की गई हैं, जिनका मुख्य उद्देश्य करुणा, समावेशिता और सेवा है।

इन पहलों में से एक मुख्य आकर्षण 'अन्न सेवा-आभार स्वरूप' नामक एक विशेष भोजन वितरण अभियान है, जिसे अनंत सेवा फाउंडेशन ने एक व्यापक जन-संपर्क कार्यक्रम के हिस्से के रूप में आयोजित किया है।

यह पहल 8 अप्रैल से 'द रामेश्वरम कैफे' में दोपहर 3:00 बजे से शाम 7:00 बजे के बीच चलाई जा रही है। इसका उद्देश्य लोगों के एक बड़े वर्ग को ताजा बना भोजन उपलब्ध कराना है, जिसमें बच्चे, दिहाड़ी मजदूर, श्रमिक, डिलीवरी पार्टनर, ड्राइवर, सहायक कर्मचारी और जरूरतमंद राहगीर भी शामिल हैं।

इस व्यापक पहल के तहत पूरे शहर में कई तरह के परोपकारी कार्य किए गए हैं। इनमें बांद्रा में राशन वितरण अभियान, खार डांडा में सहायता कार्यक्रम और सांताक्रूज में अतिरिक्त भोजन सेवाएं शामिल हैं, जिन्हें सहयोगी संगठनों के साथ मिलकर पूरा किया जा रहा है।

मुंबई में इससे पहले एक ऐसा दृश्य भी देखने को मिला, जब बांद्रा-वर्ली सी लिंक को अनंत अंबानी की तस्वीर और 'आई लव मुंबई फाउंडेशन' के नाम से रोशन किया गया। इस नजारे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लोगों का काफी ध्यान आकर्षित किया।अन्न सेवा' अभियान अपनी समावेशी सोच के कारण विशेष रूप से सबसे अलग रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित