श्रीनगर , नवंबर 02 -- जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग ज़िले में नमाज़ के दौरान हुई पत्थरबाज़ी की घटना के बाद पुलिस ने पूछताछ के लिए चार लोगों को हिरासत में लिया है।

पुलिस ने सोमवार को बताया कि अनंतनाग के पेहरू शेरबाग में एक घर को इबादत की जगह में तब्दील कर नमाज़ पढ़ने को लेकर कुछ विवाद हो गया था। इसके बाद कुछ उपद्रवियों ने ईशा की नमाज़ के दौरान पत्थरबाज़ी की जिससे कुछ मामूली नुकसान हुआ। पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और स्थिति को काबू में कर लिया।

इस घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गयी है और पूछताछ के लिए चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। मामले की आगे की जांच चल रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस घटना को कोई सांप्रदायिक रंग न दें और न ही कोई ऐसी जानकारी फैलाएं जिसकी पुष्टि न हुई हो। पुलिस ने यह भी कहा कि कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य और नियंत्रण में है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित