हनुमानगढ़ , जुलाई 01 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के भादरा थाना क्षेत्र में रविवार की रात एक अधेड की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा ने बताया कि अमित सिंह राजपूत (30) को गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ पहले से ही दो मामले दर्ज हैं। अमित को आज अदालत में पेश करने पर दो दिन की पुलिस हिरासत में लिया गया है।
भादरा में वार्ड नंबर 11 में पुरानी मस्जिद के पास किराये के एक मकान में रहने वाले पेप सिंह उर्फ पप्पूसिंह राजपूत (50) की हत्या कर दी गयी थी, जिसमें हेमकंवर और उसके पुत्र अमित पर हत्या का आरोप लगाया गया था। दोनों मां-बेटे का पप्पूसिंह के घर में आना-जाना रहता था।
उन्होंने बताया कि हेमकंवर करीब 17 वर्षों से पप्पू सिंह के संपर्क में थी। रविवार रात को पप्पू सिंह और अमित सिंह में खाना खाने की बात को लेकर झगड़ा हो गया था। बताया जाता है कि उस समय दोनों ही शराब के नशे में थे। अमित सिंह खाना खा नहीं रहा था और पप्पू सिंह उसे बार-बार खाना खाने के लिए कह रहा था। झगड़ा हो जाने पर पप्पू सिंह ने अमित के सिर में डंडे से वार कर दिया। अमित ने भी पप्पू सिंह पर डंडे से कई वार कर दिये, जिससे वह अचेत होकर वहीं गिर गया और उसकी मौत हो गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित