झुंझुनू , जुलाई 27 -- राजस्थान में झुंझुनू जिले के पिलानी थाना क्षेत्र में घंडावा गांव में सोमवार को सुबह एक अधेड़ का शव मिलने से सनसनी फैल गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और चिड़ावा के पुलिस उपाधीक्षक विकास धींधवाल भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। मृतक की पहचान घंडावा निवासी दोदराम कोठारी (50) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार दोदराम रविवार सुबह गांव के ही एक व्यक्ति के खेत में मजदूरी करने गया था। काम समाप्त होने के बाद वह गांव लौट आया। इसी दौरान उसने गांव में संचालित अवैध शराब की ब्रांच से शराब खरीदी। इसके बाद उसे किसी ने नहीं देखा।

सोमवार सुबह खेत से लौट रही एक महिला ने अवैध शराब की दुकान के पास दोदराम को मृत अवस्था में पड़ा देखा। महिला ने तुरंत ग्रामीणों और परिजनों को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के बड़े भाई रामेश्वर ने आरोप लगाया कि दोदराम के शरीर पर चोट के निशान हैं। जिससे हत्या की आशंका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित