भीलवाड़ा , मई 15 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में एक अधेड़ के अपहरण के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत को सकुशल मुक्त करा लिया है।
पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले दो सगे भाइयों को गिरफ्तार करके अदालत में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, अपहृत व्यक्ति का बेटा एक युवती को भगा ले गया था, इसी रंजिश और विवाद के चलते आरोपियों ने इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि राजूलाल बंजारा (50) पशुओं के लिए रिजका लेने के लिए घर से निकले थे। उन्हें दो लोग अपहरण करके ले गये। दिनदहाड़े अपहरण की वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए गाडरमाला के घने जंगलों में दबिश दी।
पुलिस की अचानक घेराबंदी देखकर आरोपी घबरा गए। पुलिस ने मौके से दो राजूलाल बंजारा को आरोपियों के चंगुल से सकुशल मुक्त करवा लिया। इस मामले में करमा और श्यामलाल बंजारा को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित