भीलवाड़ा , जुलाई 08 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के व्यस्ततम सर्राफा बाजार के व्यापारियों ने पिछले छह महीनों से टूटी सड़कों और अधूरे पड़े निर्माण कार्य से परेशान होकर बुधवार को अपना व्यापार पूरी तरह बंद रखकर विरोध प्रदर्शन किया।

प्रशासन की वायदाखिलाफ़ी से नाराज़ व्यापारियों ने सड़क पर अपने दुपहिया वाहन आड़े-तिरछे खड़े करके रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया।

व्यापारियों का आरोप है कि करीब छह महीने पहले जिला प्रशासन और नगर निगम ने अतिक्रमण हटाने, नालियों की सफाई करने और सड़क चौड़ीकरण के नाम पर सराफा बाजार में बड़ी कार्रवाई की थी। उस दौरान दुकानों के बाहर बनी नालियां, रैंप और अंदर आने-जाने के लिए बनी सीढ़ियां तक तोड़ दी गयीं। दुकानदारों के बोर्ड और होर्डिंग्स भी हटा दिये गये। व्यापारियों ने शहर के विकास और व्यवस्था में सहयोग देते हुए खुद आगे बढ़कर प्रशासन की इस कार्रवाई का समर्थन किया था और अपने स्तर पर भी अतिक्रमण हटाये थे, ताकि सड़क चौड़ी हो सके।

व्यापारियों ने कहा कि कार्रवाई के छह महीने बीत जाने के बाद भी प्रशासन ने सुध नहीं ली। नालियों और सड़कों की मरम्मत का कार्य अब भी अधूरा पड़ा है, जिससे पूरे बाजार में धूल और गड्ढों का साम्राज्य है। व्यापारियों ने बताया कि इस बदहाली के कारण उनका व्यापार पूरी तरह ठप हो चुका है। इस संबंध में कई बार नगर निगम और जिला कलेक्टर कार्यालय में लिखित एवं मौखिक शिकायतें कीं गईं, लेकिन अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित