जालौन , नवंबर 04 -- उत्तर प्रदेश के जालौन में बहुचर्चित कालपी अधिवक्ता गयादीन अहिरवार हत्याकांड में फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी मुख्य आरोपी पवन यादव उर्फ मोनू यादव को बुधवार को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जोल्हूपुर-मदारीपुर मार्ग पर हुई मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल उरई में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत के पर्यवेक्षण तथा अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी के नेतृत्व में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। क्षेत्राधिकारी राजेश कमल के निर्देशन में चार थानों की पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जोल्हूपुर-मदारीपुर मार्ग पर एक संदिग्ध व्यक्ति असलहे के साथ मौजूद है। सूचना पर कालपी, उरई, कदौरा पुलिस और स्वाट टीम ने घेराबंदी की। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग की। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी नियंत्रित फायरिंग की, जिसमें आरोपी घायल हो गया।
गौरतलब है कि 31 अक्टूबर को कालपी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता गयादीन अहिरवार को केस के सिलसिले में बातचीत और चाय पीने के बहाने कार में बैठाकर अपहरण कर लिया गया था। बाद में उनकी हत्या का मामला सामने आया। इस संबंध में कालपी कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था।
गिरफ्तार आरोपी पवन यादव (24) कानपुर नगर के गुजैनी थाना क्षेत्र के तरुण विहार का निवासी है। उसके कब्जे से 315 बोर का देशी तमंचा, दो जिंदा और दो खोखा कारतूस, काले रंग की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल तथा रियलमी मोबाइल बरामद हुआ है। मुठभेड़ के संबंध में अलग मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, इस हत्याकांड में पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित