यमुनानगर , अक्टूबर 22 -- हरियाणा में यमुनानगर जिला बार एसोसिएशन, जगाधरी की कार्यकारिणी समिति ने एसोसिएशन की सदस्य अधिवक्ता नीतू रानी और अधिवक्ता विपुल को हरियाणा में सहायक जिला अटॉर्नी (एडीए) केपद पर चयनित होने पर हार्दिक बधाई दी है।
उनकी इस उपलब्धि से बार एसोसिएशन में खुशी और गर्व का माहौल है। कार्यकारिणी समिति ने कहा कि नीतू रानी और विपुल ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। उनका चयन न केवल उनके लिए, बल्कि पूरी जिला बार एसोसिएशन के लिए गर्व की बात है। उनकी यह उपलब्धि अन्य अधिवक्ताओं को भी अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा देगी।
समिति ने दोनों अधिवक्ताओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे अपने नए दायित्व का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे तथा अपने कार्यों से न्याय व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
नीतू रानी ने अपनी स्कूली शिक्षा यमुनानगर के मिनर्वा इंटरनेशनल स्कूल से तथा स्नातक (बीए) की शिक्षा गुरु नानक गर्ल्स कॉलेज से प्राप्त की है। इसके बाद उन्होंने 2019 से 2022 तक कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से एलएलबी की पढ़ाई की। लगन और मेहनत के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है।
नीतू के पिता कोर्ट में टाईपिस्ट का कार्य करते हैं। पुत्री की इस उपलब्धि पर उन्हें गर्व है और वे अत्यंत हर्षित हैं। इस चयन से दोनों परिवारों एवं आस-पास के लोगों में खुशी की लहर है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित