प्रयागराज , अक्टूबर 08 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के सोरांव में एक अधिवक्ता को दिनदहाड़े घेरकर बेरहमी से पीटा गया। चौराहे से घर लौट रहे अधिवक्ता मोहम्मद रिजवान उर्फ सैफ को पहले से घात लगाकर खड़े हमलावरों ने रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि लाठी-डंडे, सरिया और असलहे से उन पर ताबड़तोड़ हमला किया गया। सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें लगने से वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। उनकी चीख-पुकार सुनकर बचाने पहुंचे मां और भाई को भी हमलावरों ने पीटकर घायल कर दिया। मामले में सोरांव पुलिस ने छह नामजद और 5-6 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पीड़ित परिवार का दावा है कि नामजद आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी है।
सोरांव थाना क्षेत्र के नौगवां गांव निवासी इरफान उद्दीन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया की आज उनका बेटा मोहम्मद रिजवान उर्फ सैफ चौराहे से घर लौट रहे थे। रिजवान पेशे से अधिवक्ता हैं। वह सोनू गुप्ता की दुकान के सामने पहुंचे तो वहां पहले से मौजूद मोहम्मद आरिफ, मोहम्मद समीम, मोहम्मद तसलीम उर्फ पापा लादेन, चांदबाबू और जसीम उर्फ मुन्ना कालिया ने उसे घेर लिया। आरोप है कि सभी ने एकराय होकर गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद लाठी-डंडे, सरिया और असलहे से रिजवान पर हमला कर दिया। हमलावरों ने सिर, हाथ और पैर पर कई वार किए। गंभीर चोटें लगने से वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित